राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ रविवार को जनपद चित्रकूट पहुंच कर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर बिंदीराम होटल में कार्यक्रम में शामिल हुए।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री का बस स्टॉप बेड़ी पुलिया हेलीपैड पर आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल बांदा दिनेश कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन प्रेम प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक बांदा विपिन कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी अभिषेक आनंद, पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी तथा हेलीपैड पर ही सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक बांदा प्रकाश द्विवेदी, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, अध्यक्ष जिला पंचायत चित्रकूट अशोक जाटव, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कर्वी नरेंद्र गुप्ता, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, रमेश चंद्र द्विवेदी, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व विधायक मानिकपुर आनंद शुक्ला, जय प्रकाश पांडेय, जगदीश गौतम, रमेश अवस्थी आदि जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल बिंदीराम होटल में भारतीय जनता पार्टी के अन्य जनप्रतिनिधियों से भी भेंट की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम सत्र में सुशासन की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश विषय पर बोलते हुए कहा कि वर्षों बाद प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद बड़े बदलाव आए। एक्सप्रेसवे से लेकर पर्यटन विकास के बड़े काम हुए हैं। पूर्ववर्ती सरकारों ने कुछ भी नहीं किया। यही वजह रही कि जनता ने दोबारा भाजपा पर भरोसा जताया। इसके पीछे समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनकी वजह से ही ऐसी स्थिति बनी है। भविष्य भी हमारा है, उनका इशारा 2024 के लोकसभा चुनाव की तरफ रहा। समझाया कि कार्यकर्ता एकजुटता से काम करते रहें, तो हमारी ताकत बढ़ती ही जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कार्यकर्ता सबकुछ, जन-जन तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएं। कार्यकर्ताओं तक यहां बैठे पदाधिकारी संगठन व सरकार के कामों को बताएं।
इसके पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज से तुलसीपीठ में मुलाकात की। इस दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय चित्रकूट को राजकीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने की मांग रामभद्राचार्य ने उनसे रखी। चित्रकूट का समुचित विकास कराए जाने के साथ ही मंदाकिनी की अविरल धारा को लेकर भी बात हुई। उन्होंने जगद्गुरु को आश्वासन दिया कि जल्द ही सरकार मंदाकिनी को लेकर और बेहतर काम करेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
जनपद चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.