विधवा माँ की शादी से नाराज बेटे ने दिनदहाड़े फायरिंग करके कर दी दो लोगों की हत्या, घटना सीसीटीवी में कैद

उत्तरप्रदेश/दैनिक कर्मभूमि/मेरठ: मेरठ के हस्तिनापुर इलाके में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग करके दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। दिनदहाड़े इस घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है। बताया जा रहा है कि हत्यारे बाइक से आये थे।बताया जा रहा है कि मृतक ने एक विधवा महिला से शादी की थी, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस टीम बनाकर आरोपी की तलाश की जा रही है। ये घटना हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में मखदुमपुर कॉलोनी की है, जहां रहने वाले 22 वर्षीय अरविंद ई रिक्शा में बैठकर आ रहा था उस वक्त रिक्शे में दो और सवारियां भी मौजूद थी, तभी अचानक बाइक पर सवार चार-पांच बदमाश आए और अरविंद पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी बदमाशों ने करीब 8 राउंड फायर किए। अरविंद अपनी जान बचाने के लिए गली की ओर भागा लेकिन बदमाश उसका पीछा करके गोलियां बरसाते रहे, ये पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।एसएसपी रोहित सिंह ने बताया कि मृतक अरविंद ने गीता नाम की महिला से शादी की थी। गीता ने 2020 में पति की मौत के बाद अरविंद से कोर्ट मैरिज करके वो अरविंद के साथ गांव में ही अलग रहने लगी। इस शादी को लेकर गीता का बेटा, जेठ और जेठ के बेटे आपत्ति जता रहे थे। गीता ने भी बताया है कि उसकी दूसरी शादी को लेकर परिवार को आपत्ति थी, जिसके चलते पहले भी उन दोनों पर हमला किया गया है. इसी वजह से अरविंद की भी हत्या की गई है। जबकि ई रिक्शा चालक गोलीबारी की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गयी।

 

रिपोर्ट: प्रदेश हेड राजेन्द्र पाण्डेय लखनऊ उत्तरप्रदेश