कूड़ा संकलन व निस्तारण का बारीकी से हुआ निरीक्षण स्वच्छ भारत मिशन के लखनऊ से अधिकारी ने दिन भर खंगाली हकीकत

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) प्रतापगढ़,27 मार्च 2021 (यूएनएस)। स्वच्छ भारत मिशन के लखनऊ से आये मण्डलीय अधिकारी महेश पाण्डेय ने शनिवार को नगर पालिका बेल्हा द्वारा कराये जा रहे डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व उसके निस्तारण तथा महुली स्थित कूड़ा पृथक्करण केन्द्र में कूड़ा, प्लास्टिक, कागज, टायर टॅयूब, शीशा, लोहा की बैटरी को अलग-अलग करने के तरीके का तथा नगर में हो रही नियमित सफाई का विधिवत निरीक्षण किया। बाद में नगर पालिका कार्यालय में आकर कूड़े से सम्बन्धित अभिलेखों को भी खंगाला। अधिकारी मीरा भवन तथा अजीत नगर में जाकर लोगों से जानकारी ली कि डोर टू डोर कूड़ा एकत्र वाला कौन सी आवाज लगाता है, नियमित कूड़ा उठाने वाला आता है कि नहीं आदि प्रश्न कर लोगों से जानकारी ली। लखनऊ से आये अधिकारी के साथ डीपीएम वरुण कुमार सिंह व डिस्टिक कोआर्डिनेटर आशीष मिश्रा भी थे। स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारीगणों ने मीरा भवन व अजीत नगर में जाकर नाले नालियों की सफाई, फागिंग का छिड़काव की भी जानकारी ली। बताया जाता है कि अधिकारी महेश पाण्डेय ने पूर्वान्ह नौ बजे से दस बजे तक डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का विभिन्न स्थलों पर जाकर जायजा लिया फिर महुली स्थित कूड़ा पृथक्करण केन्द्र (एमआरएफ) जाकर वहां किस तरह मेडप से कम्पोस्ट खाद बनाने के गड्ढे में गीला कूड़ा (जैविक कूड़ा) को डाला जा रहा था, को देखा। इस केन्द्र पर नगर पालिका के ईओ मुदित सिंह से उन्होंने जानकारी भी प्राप्त की। यहां पर सफाई निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरुण कुमार सिंह, महेश पाण्डेय आदि मौजूद रहे। शनिवार को निरीक्षण में कूड़ा संकलन व निस्तारण की विशेष जांच की गई। अधिकारियों ने मीरा भवन व अजीत नगर में सफाई का भी निरीक्षण किया। वैसे लखनऊ से आये अधिकारी टक्करगंज के जिस होटल में रुके थे, उसके नीचे नाला क्लीनिंग मशीन से सफाई की जा रही थी। अधिकारियों ने जैविक कूड़े से प्लास्टिक, कागज, बिजली के सामान को भी अलग करने के तरीकों से ध्यान से देखा और अभिलेखों से मिलान किया। बता दें कि गत वर्ष लाकडाउन के दौरान नगर पालिका के कर्मचारियों की मेहनत से प्रदेश में बेल्हा चौथे स्थान पर है। नगर पालिकाध्यक्ष प्रेमलता सिंह व अधिशाषी अधिकारी मुदित सिंह के निर्देशन में कर्मचारियों ने भी बेहतर प्रदर्शन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसका समय समय पर उच्चाधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाता है।

रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली