डीएम ने किया धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण

राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट।जिलाधिकारी अभिषेक आनन्द ने गुरूवार को पीसीएफ व मंडी समिति के धान क्रय केंद्र गल्ला मंडी कर्वी एवं क्षेत्रीय साधन सहकारी समिति ऐचवारा धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

पीसीएफ द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र गल्ला मंडी के केंद्र प्रभारी राम छबीले से जानकारी की कि अभी तक कितना धान क्रय किया गया है। जिसमें केंद्र प्रभारी ने बताया कि अभी तक 3772 कुंतल धान की क्रय की गई है। उन्होंने धान क्रय रजिस्टर का अवलोकन कर केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि जिन किसानों का पंजीकरण क्रम से है, उसी के अनुसार धान क्रय किया जाए तथा भुगतान भी समय से कराएं। वहां पर जिन किसानों का धान क्रय किया गया था, उनसे जिलाधिकारी ने फोन पर वार्ता कर जानकारी की कि आप ने कितना धान बेचा है। जिस पर किसानों ने अपना-अपना धान बेचने के बारे में सही जानकारी दी। उन्होंने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि किसान पंजीकरण रजिस्टर में जो मोबाइल नंबर अंकित है, उसे धान क्रय रजिस्टर पर भी अंकित किया जाए तथा उसमें खाता संख्या गांव का नाम भी दर्शाया जाए ताकि भुगतान के समय कोई समस्या न हो, मंडी समिति के धान क्रय केंद्र पर सचिव मंडी को निर्देश दिए कि जिन किसानों ने पंजीकरण कराया है, उनका तत्काल धान क्रय कराया जाए। केंद्र प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि अभी तक 12 किसानों से 104 कुंतल धान की खरीद की गई है। इसके बाद जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय साधन सहकारी समिति ऐचवारा का निरीक्षण किया। जहां पर किसानों द्वारा यूरिया खाद प्राप्त की जा रही थी। उन्होंने केंद्र प्रभारी शारदा प्रसाद शुक्ला को निर्देश दिए की सभी किसानों को सही तरीके से खाद उपलब्ध कराएं ताकि किसी भी किसान को कोई समस्या न हो। उन्होंने धान क्रय केंद्र के बारे में जानकारी की। जिसमें केंद्र प्रभारी ने बताया कि अभी तक 400 कुंतल धान की खरीद की गई है। जिलाधिकारी द्वारा गोदाम का निरीक्षण किया गया। जिसमें धान भरा हुआ था और जगह रखने की नहीं थी। इस पर जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ अविनाश चंद्र झा को निर्देश दिए कि तत्काल इस केंद्र में धान जो क्रय किया गया है, उसकी डिलेवरी कराई जाए ताकि समय से किसानों के धान को क्रय कराया जा सके। जिलाधिकारी ने किसानों से धान क्रय की समस्याओं के बारे में जानकारी की। उन्होंने सभी केंद्रों पर पेयजल, पंखा, प्रकाश व्यवस्था बैनर आदि व्यवस्थाओं को भी देखा।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मानिकपुर प्रमेश श्रीवास्तव, तहसीलदार कर्वी राकेश कुमार पाठक, डिप्टी आरएमओ अविनाश चंद्र झा, सचिव मंडी समिति विपुल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट