पूर्व प्रधान और भाई पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

राष्ट्रीय ( दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: बहिलपुरवा थानांतर्गत रुखमा खुर्द के बाशिंदों ने मंगलवार सुबह पुलिस कार्यालय पहुंचकर अपर एसपी से मुलाकात की। इनका कहना था कि गांव का पूर्व प्रधान और उसका भाई दबंगई कर रहे हैं।

बताया कि दोनों आयेदिन गांववालों से मारपीट करते हैं। मंगलवार को भी इन लोगों ने एक व्यक्ति के साथ जमकर मारपीट की। अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। रुखमा खुर्द के ग्रामीणों ने बताया कि गांव का पूर्व प्रधान और उसका भाई गांववालों को धमकी देता है। हीरामनी ने बताया कि मंगलवार को पूर्व प्रधान और उसका सजायाफ्ता भाई कुछ अन्य लोगों के साथ घर में घुस गया। इन लोगों ने उसके पति का बंदूक के कुंदों से मारापीटा। इस संबंध में पहले भी थाने में जानकारी दी जा चुकी है पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गांव के रामकिशोर ने बताया कि दोनों उसको धमकी देते हैं और गांव छोड़ कर जाने को कहते हैं। कैलाश चंद्र शास्त्री ने बताया कि गांव के ये दबंग हथियार लेकर खुलेआम घूमते हैं और उन लोगों का रास्ता बाधित करते हैं। अपर एसपी ने गांववालों को आरोपियों पर कार्रवाई के लिए आश्वासन दिया।

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
*जनपद* चित्रकूट