उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। दो दिवसीय फर्स्ट तारुगा एक लाख रुपये की इनामी बैडमिंटन चैंपियनशिप का रविवार को फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खिताब के लिए दमखम दिखाया। बालक अंडर-11 वर्ग के फाइनल में अभिराज सिंह ने रियान जैन को 8-15, 15-5, 15-9 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-15 एकल वर्ग में श्रियांशु रंजन ने कार्तिक शुक्ला को सीधे सेटों में 15-10, 15-9 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, अंडर-19 वर्ग के फाइनल में आयुष कुमार ने मोहम्मद यूसुफ को 15-8, 8-15, 15-8 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। युगल वर्ग के फाइनल में रुद्रांश मिश्रा और श्रियांशु रंजन की जोड़ी ने कार्तिक शुक्ला और शान सिंह को 16-14, 15-13 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
समापन समारोह में कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव दुर्गेश प्रताप सिंह, कार्यकारी सचिव सौरभ श्रीवास्तव और सत्यम झा, भाजपा जिला संयोजक नागेंद्र शुक्ला, अमित सैनी और तारुगा के सीईओ तपस रंजन ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान अमित कुमार अग्रवाल, प्रबंध निदेशक पूनम अग्रवाल और नेट क्रैशर बैडमिंटन अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं मुख्य आयोजन नियंत्रक राहुल शुक्ला मौजूद रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर