जैन चौरासी इंटर कॉलेज में महा वृक्षारोपण के साथ यातायात जागरूकता शिविर आयोजित।

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) मथुरा। गुरु पूर्णिमा से पूर्व जैन चौरासी इंटर कॉलेज, मथुरा में बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति, रजि. उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में महा वृक्षारोपण अभियान एवं यातायात नियमों पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने पौधारोपण कर किया। इसके पश्चात आयोजित यातायात जागरूकता शिविर में यातायात पुलिस के टीएसआई सुभाष चंद्र ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर विनोद दीक्षित ने कहा कि समिति का महा वृक्षारोपण अभियान निरंतर जारी है। इस अभियान के माध्यम से एक ओर पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कॉलेज के प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल एवं यातायात पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कॉलेज समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षद महावीर प्रधान ने बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति के कार्यों की सराहना करते हुए समाज के अन्य संगठनों से भी ऐसे अभियानों से प्रेरणा लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल, टीएसआई सुभाष चंद्र, कांस्टेबल मनीष कुमार एवं कांस्टेबल मोनू कुमार को दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर इको क्लब प्रभारी गोपाल गौतम, सुधीर कुमार, जितेंद्र सिंह, अजय कटारा, अनुपम गुप्ता, गुंजन चौबे, विजय गौतम, मनीष जैन, अंजू राठौर, बलमीत कौर एवं हर्ष सैनी सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो परिचय :
जैन चौरासी इंटर कॉलेज में महा वृक्षारोपण करते हुए संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित, प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल एवं टीएसआई सुभाष चंद्र।
छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए टीएसआई सुभाष चंद्र, साथ में विनोद दीक्षित एवं प्रधानाचार्य निखिल अग्रवाल।

रिपोर्टर विनोद दिक्षित मथुरा

Leave a Reply