छठ से पहले घाटों की बदहाली उजागर, गंदगी देख संतोष गहमरी ने अधिकारियों को घेरा

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। छठी मैया के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। घरों में छठ पूजा की रौनक है, लेकिन शहर के कई पूजा घाटों की तस्वीर अभी भी बदहाल है। कहीं नहर में गंदगी का अंबार है तो कहीं पूजा के लिए बनाई गई बेदियां कूड़े से घिरी हैं। ऐसे में छठ व्रती महिलाओं को पूजा के दौरान परेशानी उठानी पड़ सकती है। मंगलवार को भोजपुरी महासभा एवं केंद्रीय छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी घाटों का निरीक्षण करने निकले तो व्यवस्थाओं की हकीकत देखकर नाराजगी जताई।

नहर में गंदगी, बेदियों पर कूड़ा

रतनपुर छठ पूजा घाट पर नहर में भारी गंदगी मिली। पूजा के लिए बनाई गई बेदियों पर भी कूड़ा फैला हुआ था। यही हाल विजयनगर से अरमापुर की ओर जाने वाले मार्ग पर नहर के दूसरी तरफ स्थित बेदियों का मिला। यहां भी सफाई व्यवस्था बदहाल थी। संतोष गहमरी ने कहा कि छठ महापर्व में अब चंद दिन ही शेष हैं। इसके बावजूद घाटों की सफाई नहीं होना चिंताजनक है। छठ व्रती माताएं-बहनें इसी गंदगी के बीच भगवान सूर्य को अर्घ्य कैसे देंगी?

सफाई के साथ सड़क और रोशनी भी जरूरी

संतोष गहमरी ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से रतनपुर व अरमापुर की नहरों की तत्काल सफाई कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल कूड़ा हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी पूजा बेदियों को भी स्वच्छ कराया जाए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी के लिए लाइटें लगाई जाएं। रतनपुर मुख्य मार्ग से छठ पूजा घाट तक जाने वाली खराब सड़क की मरम्मत भी कराई जाए। उन्होंने सभी चिह्नित घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग उठाई।

समस्या बताने के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर

संतोष गहमरी ने कहा कि छठ पूजा करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा का पर्व है। प्रशासन को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करानी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि किसी भी छठ घाट पर सफाई, बिजली, रोशनी या सड़क संबंधी समस्या होने पर भोजपुरी महासभा एवं केंद्रीय छठ पूजा समिति की हेल्पलाइन 8052787878 पर सूचना दें। समिति समस्या को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास करेगी।निरीक्षण के दौरान डॉ. आनंद झा, बिल्लू सिंह, छोटेलाल, अभिमन्यु यादव, अरविंद सिंह, महेंद्र तिवारी, करन, अजय और छोटू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply