आयुष ने खुद को निर्दोष बताया बोला, पत्नी ने गोली चलवाने की रची साजिश

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) लखनऊ,09 मार्च 2021 मोहनलालगंज लोकसभा सीट के भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष के खिलाफ दर्ज मुकदमें में मंगलवार को एक
नया मोड़ आया जब इंटरनेट मीडिया पर उसका वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में आयुष ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसने खुद पर गोली नहीं चलवाई है। उसकी पत्नी ने पहले उसे हनीट्रैप के जरिए अपने प्रेम जाल में फंसाया था। उसी ने गोली चलवाने की साजिश रची थी। सांसद पुत्र ने खुद को निर्दोष बताया है। वहीं उसकी पत्नी ने कहा है कि जेल जाने के डर से आयुष उस पर ऐसा आरोप लगा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर आयुष की पत्नी के छठा मिल स्थित आवास पर महिला सिपाही समेत पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वीडियो में आयुष ने कहा कि घर वालों का विरोध करके जिससे उसने शादी की उसी ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। सात माह पहले मेरी उससे मुलाकात हो गई। उसके अगले दिन हम दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं। इसके बाद वह शादी का दबाव बनाने लगी। मैं उसके प्यार में पागल सा हो गया। अपने माता-पिता की बात भी मानना बंद कर दी। उनकी मर्जी के बगैर मैंने शादी की। आयुष ने कहा कि पत्नी के कहने पर ही मैं बीते दिनों एक रेलवे ट्रैक पर बैठा था। वहां पर पत्नी के दबाव बनाने पर ही पिता को वीडियो काल किया और आत्महत्या की धमकी दी। पत्नी मुझसे दबाव बना रही थी कि घर वालों से रुपये ऐंठू। मैंने पत्नी और उसके घर वालों का पेट पाला। उनके सारे खर्च उठाए और फिर जब मेरे पास रुपये नहीं बचे तो वह मुझपर घर वालों से रुपये ऐंठने का दबाव बनाने लगी। उसने अपने पहले पति को भी अभी तक नहीं छोड़ा है। मेरे माता-पिता बहुत अच्छे हैं। वह मुझे माफ कर दें। मैं पत्नी के बहकावे में आ गया था। पत्नी की असलियत अगर किसी को पता करनी हो तो वह उसके गांव और घर पर जाकर पता कर ले। शादी के बाद पत्नी ने कभी मंगलसूत्र नहीं पहना उसने कभी भी सिंदूर नहीं लगाया। आयुष ने वीडियो के जरिए कहा कि वह सरेंडर करने लखनऊ आ रहा है। वह चाहता है कि पुलिस पत्नी को उसके सामने बैठाकर पूछताछ करे। जिससे सारी स्थितियां साफ हो जाएंगी। दो मार्च को मेरी हत्या की कोशिश की गई। मैंने अपने ऊपर गोली नहीं चलवाई। क्योंकि मैं जानता हूं कि अगर गोली चलवाता और जरा सी चूक हुई तो जान जा सकती है। आयुष की मां विधायक जयदेवी ने भी मीडिया को अपना बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि आयुष को फंसाया गया है। आयुष सिर्फ 19 साल का है और लड़की 25 साल की है। वो जानती थी सांसद का बेटा है। न शादी हुई और न ब्याह हुआ तो कैसे वो मेरी बहू हुई। मीडिया के पास जाकर हमें बदनाम किया। इंस्पेक्टर मडियांव मनोज कुमार सिंह ने कहा है। अभी मामले की छानबीन हो रही है। उसकी शादी भी हो चुकी है उसका बच्चा भी है। सभी थानों की पुलिस को सांसद पुत्र की गिरफ्तारी के लिए अलर्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों को आरोपित आयुष द्वारा जारी वीडियो की सूचना दे दी गई है। उसके आधार पर कोर्ट के आस पास भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरा जाल बिछा दिया है।

रिपोर्टर सिद्धार्थ त्रिवेदी रायबरेली