पेयजल समस्या पर एसडीएम ने ली बैठक,सम्बंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय(दैनिक कर्मभूमि)मानिकपुर, चित्रकूट।पाठा क्षेत्र में होने वाली पेयजल की समस्या को लेकर मानिकपुर उपजिलाधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव ने मंगलवार को सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में अधिकारियों ने एसडीएम के समक्ष अपनी-अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत की तथा इस विषय पर चर्चा की गई।

बैठक में एडीओ ने बताया कि उनके पास 59 टैंकर हैं तथा इसके अतिरिक्त आठ टैंकर जल निगम द्वारा दिए गए। खराब टैंकरों की मरम्मत कराई जा रही है। एक सप्ताह के अंदर कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। एडीओ द्वारा उन मजरों व गावों के नाम दिए गए, जहां पेयजल की अधिक समस्या होती है और जहां टैंकर भिजवाए जाने की आवश्यकता होती है। जल संस्थान अभियंता तथा अधिशासी अधिकारी ने भी अपनी कार्य योजना प्रस्तुत की गई। इस दौरान खराब हैंडपंपों को तत्काल बनवाए जाने के निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों से दो दिवस के अंदर रिबोर वाले हैंडपंपों की सूची मांगी गई है। एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को अभी से सतर्क होने के निर्देश दिए ताकि जल संबंधी कोई समस्या उत्पन्न न होने पाए। बैठक में मानिकपुर तहसीलदार राजेश कुमार सहित सम्बंधित अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट