सुविधा शुल्क मांगने के विरोध में शिक्षकों ने दिया ज्ञापन

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय ने आरोप लगाया है कि कई शिक्षकों ने उनसे वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में सुविधा शुल्क की मांग का आरोप की जाती है। शनिवार को उन्होंने वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) को इस संबंध में ज्ञापन दिया। अखिलेश ने कहा कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो अनियमितता और भ्रष्टाचार होने पर आमरण अनशन किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि उनको कुछ शिक्षकों ने बताया है कि जब वे अवशेष देयकों के संबंध में वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में संपर्क करते हैं तो उनसे अवशेष धनराशि के सापेक्ष निर्धारित सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। पटल सहायक द्वारा कहा जाता है कि यदि निर्धारित शुल्क दे दोगे तो इसी माह भुगतान होगा नहीं तो मार्च तक इंतजार करना पड़ेगा। वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) को दिए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष ने प्रत्यावेदन, पत्र, देयक, अवशेष देयक प्राप्त पंजिका में सभी का क्रम से अंकन करने और क्रम से ही भुगतान करने, प्रत्येक माह अवशेष देयकों का क्रमशः भुगतान करने, बजट समाप्त होने से पहले ही अगले बजट की मांग करने, प्रत्येक माह की एक से तीन तारीख तक वेतन का भुगतान करने की मांग की है। उन्होने कहा है कि अनियमितता व भ्रष्टाचार होने पर कार्यालय पर आमरण अनशन किया जाएगा।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट