*चेकिंग अभियान में खनिज अधिकारी ने की कार्यवाई*
*क्रेशर मालिक व अवैध खनन कारोबारियों में मचा हड़कंप, उड़ी नींद*
उत्तर प्रदेश (दैनिक कर्मभूमि)चित्रकूट: जिला खनिज अधिकारी सुधाकर सिंह द्वारा जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने से क्रशर मालिक एवं अवैध खनन कारोबारियों में दहशत फैल गई है। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद के निर्देश पर बीती रात्रि से लेकर बुधवार की दोपहर तक जिले के खोह, कालूपुर, ट्रैफिक चैराहा, बेडीपुलिया, भरतकूप, शिवरामपुर, पहाड़ी, राजापुर व सरधुवा से आगे लमियारी गाँव बाँदा की सीमा तक जिलेभर में वृहद छापेमार अभियान चलाकर भारी वाहनों की चेकिंग की। जिसमें ओवरलोडिंग, बिना रवन्ना एवं वैध प्रपत्रों के अभाव में गिट्टी व मोरम से लोड़ दर्जन भर वाहनों का ई-चालान किया है। साथ ही चार वाहनों को सीज कर पुलिस लाइन एवं शिवरामपुर थाने में सुपुर्द कर दिए हैं। जिला खनिज अधिकारी द्वारा बड़े स्तर पर किए गए सघन चेकिंग अभियान से क्रशर मालिकों एवं अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और उनकी रातों की नींद उड़ गई है। खनिज अधिकारी द्वारा जिले में अवैध कार्य में सम्मिलित खनन कारोबारियों को रॉयलटी की चोरी व ओवर लोडिंग न करने के लिए बार-बार समझाने एवं नोटिस जारी करने के बावजूद वह लोग अवैध खनन एवं अवैध परिवहन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में खनिज अधिकारी रात-रात भर जागकर औचक निरीक्षण कर कार्यवाही कर रहे हैं। इनका कहना है कि जनपद में किसी भी हाल में बिना प्रपत्र, अवैध परिवहन व अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन अवैध कामों के नियंत्रण के लिए धरातल पर उतर कर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव
*जनपद* चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.