उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज बुलंद करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों और सामाजिक कार्यों में सक्रिय लोगों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। गांधी नगर स्थित लक्ष्मण पार्क के पवन तनय धाम में भारतीय रक्षक पार्टी और धर्म प्रसार जन कल्याण समिति की ओर से कलम सम्मान एवं समाज गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक से हुई। इसके बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्ष और जिम्मेदार भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को कलम सम्मान पत्र और सत्य शिखर सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, संगठन के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले सदस्यों को समाज गौरव सम्मान अवार्ड देकर प्रोत्साहित किया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता रुद्र सक्सेना ने कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से समाज की समस्याओं को सामने लाते हैं। निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ सामाजिक बदलाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा ने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में समर्पित लोगों का सम्मान दूसरे लोगों को भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है। संगठन का प्रयास ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करना है, जो राष्ट्र और समाज के लिए सक्रिय हैं।
इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला, डॉ. कुलदीप मिश्रा, जिला संयोजक भूपेंद्र सहाय, जिला अध्यक्ष अनुज पांडेय, सुजीत कुमार, शाकिर अली उस्मानी, अनुराग तिवारी, अनुराग पटेल, कृष्णा और अभिषेक द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर