विधिक साहित्य वितरित कर ग्रामीणों को किया जागरूक

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष, जिला जज विष्णु कुमार शर्मा के दिशा निर्देशन में प्राथमिक विद्यालय गनीवा प्रसिद्धपुर, तहसील राजापुर जिला चित्रकूट में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्ण कालिक सचिव विदुषी मेहा ने शिविर में उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के बारे में बताया कि अनुसूचित जाति, जनजाति के सदस्य, मानव दुर्व्यपार, स्त्री, बालक, दिव्यांग व्यक्ति, जातीय हिंसा, भूकंप, विचाराधीन बंदी आदि विधिक सेवा के हकदार हैं।

उत्तर प्रवेश पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 एवं पीसीपीएनडीटी एक्ट के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रीलिटिगेशन स्तर पर वैवाहिक विवादों के संबंध में बताया कि वैवाहिक प्रकृति के वादों में पति-पत्नी अथवा नजदीकी रिश्तेदार प्रार्थना पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में दे सकते हैं। पक्षकारों के मध्य सुलह समझौता कराने का प्रयत्न पीठ द्वारा किया जाएगा। स्थाई लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों एवं महिलाओं को विधिक जागरूकता सम्बन्धी पुस्तकें वितरित की गई।

इस मौके पर महिला कल्याण अधिकारी प्रिया माथुर, प्रधानाध्यापक परमानन्द सिंह, सहायक अध्यापक जानकीशरण, सहायक अध्यापक शिवकिशोर पाण्डेय, जितेन्द्र सिंह, बबिता सिंह, धनराज, समाज शिल्पी दम्पत्ति मीरा, आरोग्य दूत दीपनारायण पाण्डेय, आजाद सिंह एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट