सर्राफा दुकान में हुई चोरी का खुलासा,तीन अन्तर्जनपदीय चोर गिरफ्तार

राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी व क्षेत्राधिकारी नगर हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अवधेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली कर्वी एवं स्वाट, सर्विलांस की संयुक्त टीम द्वारा कर्वी शहर में सर्राफा दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चोरी करने वाले 3 अन्तर्जनपदीय चोरों को चोरी के आभूषण, तमंचा व कारतूस, मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त औजार व चार पहिया वाहन बरामद के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

उल्लेखनीय हैं कि बीती 19 दिसम्बर को रामविशाल सोनी पुत्र शंकर लाल सोनी निवासी बस स्टैण्ड कर्वी द्वारा कोतवाली कर्वी में सूचना दी गयी कि 18 दिसम्बर की रात्रि में पुरानी बाजार डाक घर के सामने उसके भाई की दुकान सरजू आभूषण मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा दुकान का ताला तोड़कर सोने व चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गये है। इस सूचना पर थाना कोतवाली कर्वी में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर चोरी की घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित की गयी थी। निरीक्षक अपराध कोतवाली कर्वी एवं प्रभारी स्वाट, सर्विलांस के नेतृत्व में पुलिस टीमें घटना के खुलासे हुए लगातार प्रयासरत थी कि गुरूवार को निरीक्षक अपराध कोतवाली कर्वी प्रभूनाथ यादव एवं प्रभारी स्वाट, सर्विलांस श्यामप्रताप पटेल की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर देवांगना घाटी से हनुमान धारा जाने वाले तिराहे से अभियुक्त जयप्रकाश उर्फ छोटू पुत्र जगन्नाथ यादव निवासी नहर कोठी जैन मंदिर के सामने कस्बा व थाना एत्मादपुर आगरा, मदन पुत्र राकेश जाटव निवासी ग्राम सवाई थाना एत्मादपुर आगरा, शीलेन्द्र पुत्र तुलसीराम निवासी कस्बा व थाना एत्मादपुर आगरा को गिरफ्तार किया गया तथा दो अन्य अभियुक्त झाड़ी का फायदा उठाकर भाग निकलें। अभियुक्तों के कब्जे से तमंचा व कारतूस, सरजू आभूषण मंदिर से चोरी किये गये सफेद धातु के आभूषण व मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मौके से भागे हुए व्यक्तियों के बारे में अभियुक्तों ने पूछताछ पर बताया कि एक का नाम विजय उर्फ बच्चा ठाकुर पुत्र करन सिंह निवासी सबाई थाना एत्मादपुर जनपद आगरा व दूसरे का नाम मुकेश पुत्र ज्वाला प्रसाद निवासी धुलिया गंज चैराहा वसना सिनेमा के पास थाना कोतवाली आगरा जनपद आगरा का है। बरामद चार पहिया गाडी से हथौड़ा लोहे का, सब्बल, पेंचकश, आरी ब्लेड, प्लास बरामद हुआ। जिसके सम्बन्ध में अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि हम लोग इसी गाड़ी से घूम-घूम कर चोरी करते है। यह औजार चोरी करते समय दरवाजा खोलने व ताला तोड़ने के काम आते है। घटना में चोरी किया गया सीसीटीवी की डीवीआर को वापस जाते समय यमुना नदी में फेक दिया था। चोरी का माल बरामदगी के सम्बन्ध में कोतवाली कर्वी में पंजीकृत मुकदमों में बढ़ोत्तरी की गयी तथा अवैध तमंचा व कारतूस बरामदगी के सम्बन्ध में आर्म्स एक्ट के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

गिरफ्तारी के दौरान निरीक्षक अपराध कोतवाली कर्वी प्रभूनाथ यादव, आरक्षी अमित कुमार, अमरेन्द्र सिंह, शिवम राजपूत, स्वाट, सर्विलांस निरीक्षक प्रभारी श्यामप्रताप पटेल, मुख्य आरक्षी रईश खां, प्रदीप द्विवेदी, धर्मेन्द्र कुमार वर्मा, जितेन्द्र कुशवाहा, आरक्षी रोहित सिंह, शरद सिंह, आशीष कुमार, ज्ञानेश मिश्रा, आदित्य कुमार पाल, आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट