उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) भरतकूप जनपद चित्रकूट की कर्वी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अकबरपुर (ब) में दबंगों द्वारा सरकारी तालाब की भूमि पर कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मंदिर रोड स्थित तालाब के भीटे (मेड़) और मुख्य मार्ग से सटी जमीन पर कुछ दबंग किस्म के लोग जबरन कब्जा करने में जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण की कोशिश की जा रही है, जिससे सार्वजनिक रास्ता और जलस्रोत दोनों प्रभावित हो सकते हैं। मामले की जानकारी संबंधित लेखपाल को फोन के माध्यम से देने का प्रयास किया गया, लेकिन लेखपाल ने फोन उठाना उचित नहीं समझा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
वहीं जब इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सौरव यादव से बात की गई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल लेखपाल से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में स्थिति को लेकर तनाव का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन दबंगों पर कब तक कार्रवाई करता है।
रिपोर्ट, ठाकुर पंकज सिंह राणा जनपद,चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.