उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। ओईएफ ग्राउंड में खेले गए शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-13 के फाइनल मुकाबले में शम्सी पैराडाइज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शम्सी फाल्कन्स को 4 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में दर्शकों को अंतिम ओवर तक जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला।फाइनल मैच में शम्सी पैराडाइज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शम्सी फाल्कन्स की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। टीम की ओर से बल्लेबाजों ने धैर्य के साथ रन जुटाए, लेकिन पैराडाइज के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।लक्ष्य का पीछा करने उतरी शम्सी पैराडाइज की टीम ने सधी हुई शुरुआत की। सलामी बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत आधार दिया, जबकि मध्यक्रम के खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभालते हुए रन गति बनाए रखी। अंत में टीम ने 24.4 ओवर में 167 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया और खिताब पर कब्जा जमाया।फाइनल में शानदार गेंदबाजी करने वाले शिराज़ उर्फ शेरू को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। वहीं जिशान अहमद और इनामुर रहमान ने उपयोगी पारियां खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई।समापन समारोह में विभिन्न पुरस्कार भी वितरित किए गए। शम्सी सुपर किंग्स के जिब्रान हसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। शम्सी स्मैशर्स के मोहम्मद शरिक को बेस्ट बॉलर और शम्सी स्पोर्टिंग क्लब के खुर्शीद हसन खान को बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार मिला। आयोजक साहिल रहमान ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.