चित्रकूट में सनसनी: भरतकूप मंदिर से भगवान के आठ मुकुट चोरी

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। जनपद के भरतकूप थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन भरतकूप मंदिर में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में रखे भगवान के आठ कीमती मुकुट उठा ले गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि मंदिर के बगल के कमरे में महंत सोते रहे और चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। रात के अंधेरे में बदमाशों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और सीधे गर्भगृह तक पहुंच गए। वहां रखे आठ मुकुट समेटकर चंपत हो गए।

सुबह जब पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल स्थानीय लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद मंदिर परिसर में भीड़ जुट गई। घटना को लेकर श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।

सूचना मिलते ही भरतकूप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस वारदात ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पत्रकार ठाकुर पंकज सिंह राणा चित्रकूट