उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट जनपद के थाना भरतकूप क्षेत्र अंतर्गत रमपुरवा (पहरा) गांव निवासी एक युवक ने गांव के ही दबंग पर फोन पर अश्लील गालियां देने, जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
रमपुरवा (पहरा) थाना भरतकूप निवासी विजय कुमार उर्फ गुड्डू के अनुसार, 13 फरवरी को दोपहर लगभग 1 बजे उनके मोबाइल नंबर पर फोन आया। आरोप है कि कॉल करने वाले ने पहले नाम और गांव की जानकारी ली, इसके बाद अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने यह कहते हुए धमकी दी कि वह सोशल मीडिया पर युवती की रील पर लाइक और कमेंट क्यों करता है। इसी बात को लेकर आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने और घर के दरवाजे पर चढ़कर हमला करने की धमकी दी।
विजय कुमार का आरोप है कि उन्होंने उसी दिन थाना भरतकूप में लिखित प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई और मोबाइल में रिकॉर्ड हुई ऑडियो भी सुनाई। इसके बावजूद संबंधित पुलिसकर्मियों ने आरोपी के विरुद्ध आज तक कोई कार्रवाई नहीं की है
पीड़ित का यह भी आरोप है कि गांव का रामनारायण नामक व्यक्ति उन्हें गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी देता हुआ गांव में घूम रहा है। युवक ने आशंका जताई है कि उसके खिलाफ साजिश रची जा रही है और किसी जघन्य अपराध में फंसाया जा सकता है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक, चित्रकूट को दिए शिकायती पत्र में निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने तथा आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
इस संबंध में थाना स्तर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्टर पंकज सिंह राणा चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.