खो-खो को नई पहचान दिलाने की पहल, संघों से मांगे आवेदन

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) मेरठ देश में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उत्तर प्रदेश में खेल के विकास के लिए पात्र संघों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। फेडरेशन के महासचिव उपकार सिंह ने बताया कि प्रदेश में खो-खो को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाला संघ विधिवत पंजीकृत होना चाहिए और उसके कार्य राष्ट्रीय खेल संहिता के प्रावधानों के अनुरूप संचालित होने चाहिए। इसके अलावा संबंधित संघ को युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा समय-समय पर जारी कार्यकारी निर्देशों का पालन करना भी अनिवार्य होगा। साथ ही खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के एसोसिएशन के ज्ञापन और नियमों का अनुपालन भी जरूरी रहेगा।महासचिव ने कहा कि पात्र संघ सूचना जारी होने की तिथि से तीन सप्ताह के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद योग्य संघों का चयन किया जाएगा। इस पहल से प्रदेश में खो-खो के प्रचार-प्रसार को नई गति मिलने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर