राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
प्रशासन ने सिझौली में 5 एकड़ जमीन की चिह्नित, केंद्रीय विद्यालय के निर्माण संबंधी स्थानीय स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी
अम्बेडकरनगर। अकबरपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर लंबे समय से चल रही मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण संबंधी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा नेता विवेक मौर्य और एसडीएम अकबरपुर विशाल सारस्वत ने दिल्ली में शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अकबरपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग रखी। इस दौरान उन्होंने जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए परियोजना को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी बाधाओं का समाधान कर लिया गया है। विद्यालय निर्माण के लिए सिझौली क्षेत्र में 5 एकड़ भूमि चिह्नित कर ली गई है। साथ ही, स्थायी भवन बनने तक अस्थायी रूप से जीजीआईसी के नवीन परिसर में कक्षाएं संचालित करने की भी तैयारी पूरी कर ली गई है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा भेजे गए आवश्यक दस्तावेज भी मंत्री को सौंपे गए। इस पर मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली द्वारा पूर्व में निर्धारित प्रपत्रों (Annexure-I, II, III) में प्रस्ताव मांगा गया था, जिसके क्रम में नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने सिझौली वार्ड में भूमि चयन कर अनापत्ति प्रमाण पत्र सहित प्रस्ताव भेज दिया है।
इस पहल से जिले के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
You must be logged in to post a comment.