मेडिकल कॉलेज में बदहाल व्यवस्था: टॉयलेट बंद, पानी गायब, मरीज बेहाल

*वार्डों के पीछे गंदगी का अंबार, पीने के पानी के लिए भटक रहे मरीज और तीमारदार*

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अंबेडकर नगर:महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत चिंताजनक बनी हुई है। यहां भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को मूलभूत सुविधाओं—टॉयलेट, बाथरूम और पीने के पानी—के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के दूसरे फ्लोर पर स्थित वार्ड संख्या 09, 10, 11 और 12 के सामने बने सभी टॉयलेट और बाथरूम बंद पड़े हैं। वहीं, पीछे दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए चार बाथरूम में से केवल तीन खुले हैं, जिनमें भी मात्र दो में ही कभी-कभार पानी आता है। ऐसे में मरीजों को मजबूरी में गंदगी और असुविधा के बीच इनका उपयोग करना पड़ रहा है।

साफ-सफाई की स्थिति भी दोहरी नजर आ रही है। जहां वार्ड के अंदर और सामने नियमित सफाई की जा रही है, वहीं वार्ड के पीछे बने टॉयलेट और बाथरूम में न तो नियमित झाड़ू लगती है और न ही पोंछा, जिससे वहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बेसिन का पानी सीधे फर्श पर बह रहा है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है।

सबसे गंभीर समस्या पीने के पानी की है। पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में सीमित स्थानों—ब्लड बैंक, मुख्य गेट (पर्ची काउंटर) और इमरजेंसी गेट—पर ही आरओ की सुविधा उपलब्ध है। किसी भी फ्लोर पर भर्ती मरीजों को पीने के पानी के लिए इन स्थानों तक जाना पड़ता है, जो बीमार मरीजों और उनके परिजनों के लिए बेहद कष्टदायक है। मरीजों और उनके तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल इलाज के लिए आते हैं, लेकिन यहां की अव्यवस्थाएं उन्हें और अधिक परेशान कर रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर नहीं उठाया जाएगा, तब तक जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देंगे। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं।

Leave a Reply