टांडा में हीट वेव का असर तेज, डॉ. आतिफ ने लोगों को सतर्क रहने की दी अहम सलाह

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

टांडा (अंबेडकर नगर):क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव (लू) के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय चिकित्सक डॉ. आतिफ (एमबीबीएस, एमडी – फिजिशियन एवं कंसल्टेंट) ने बताया कि इस समय तेज गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा काफी बढ़ गया है।
डॉ. आतिफ ने कहा कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक का समय सबसे ज्यादा खतरनाक होता है, इसलिए इस दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। तेज धूप और गर्म हवाएं शरीर पर सीधा प्रभाव डालती हैं, जिससे अचानक तबीयत बिगड़ सकती है।
उन्होंने सलाह दी कि शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें। नियमित रूप से पानी के साथ-साथ नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस का सेवन करते रहें। गर्मी में प्यास न लगने पर भी पानी पीना जरूरी है, क्योंकि शरीर तेजी से डिहाइड्रेट हो सकता है।
डॉक्टर ने आगे बताया कि हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। इससे शरीर को सीधे धूप से बचाया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने की सलाह दी, क्योंकि इन पर हीट वेव का असर जल्दी पड़ता है। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, कमजोरी, तेज बुखार या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत उसे छांव में लाकर ठंडा करें और जरूरत पड़ने पर नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।
अंत में डॉ. आतिफ ने लोगों से अपील की कि अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, हल्का और सुपाच्य भोजन करें तथा शरीर को ठंडा रखने के लिए पंखा, कूलर या एसी का उपयोग करें। सही सावधानी और जागरूकता से ही हीट वेव के खतरे से बचा जा सकता है।

Leave a Reply