मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता
राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अम्बेडकर नगर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने जीवत मंडल की कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी राजनीतिक दल बूथ स्तर पर ही चुनाव जीतता और हारता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में पुनः पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनाने के लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय होकर आम मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को पहुंचाना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की साख पूरी दुनिया में बढ़ी है। वैश्विक स्तर पर संघर्ष और अस्थिरता के बीच भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कपिल देव वर्मा ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में जनता को किसी प्रकार की समस्या हो तो उसकी जानकारी संगठन और सरकार तक पहुंचाई जाए, ताकि उसका समाधान कराया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी और सरकार हर कार्यकर्ता एवं आमजन के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सरिता निषाद ने की, जबकि संचालन महामंत्री विपिन कनौजिया ने किया। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री किसान मोर्चा अवध क्षेत्र रमापति मौर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं प्रमुख पार्टीजन उपस्थित रहे।
You must be logged in to post a comment.