उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर सुल्तानपुर के मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल पयागीपुर में 8 से 11 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में कानपुर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस राइफल शूटिंग एकेडमी, बर्रा-8 और डीपीएस बर्रा-8 की कक्षा नौ की छात्रा व पिस्टल शूटर आराध्या ने 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-14 महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।
वहीं डीपीएस कल्याणपुर की कक्षा नौ की छात्रा और राइफल शूटर नीतिका शर्मा ने 10 मीटर एयर राइफल अंडर-17 महिला वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया। नीतिका कल्याणपुर स्थित शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी में कोच अभय सिंह के मार्गदर्शन में अभ्यास करती हैं।
एकेडमी के कोच एवं सचिव मयंक खाड़े ने बताया कि आराध्या लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में आयोजित 48वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने चार पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वहीं एकेडमी के रुद्रांश बाजपेयी, पार्थ सारथी और मोहम्मद इमाद ने भी पूर्व प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। ये सभी खिलाड़ी आगामी सीआईएससीई और सीबीएसई नेशनल गेम्स के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।
दोनों महिला निशानेबाजों की उपलब्धि पर साथी खिलाड़ियों में खुशी है। एकेडमी की संयोजक संध्या देवी, डॉ. देवेंद्र सिंह, पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर और कोच अभय सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.