उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर देहात। राजकीय हाईस्कूल जोत में पदोन्नत प्रधानाचार्य देशराज दिवाकर की विदाई समारोह की तस्वीर कुछ अलग रही। फूल-मालाओं और उपहारों के बीच दिवाकर ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपकर अपने कार्यकाल की याद को हराभरा बना दिया। इस दौरान विद्यालय परिवार भावुक नजर आया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने कहा कि दिवाकर के नेतृत्व में काम करते हुए उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्होंने बिना तनाव और दबाव के काम करने का माहौल दिया। किसी समस्या या कठिनाई में मार्गदर्शन करने के साथ समय पर कार्य पूरा करने की सीख दी। शिक्षकों ने कहा कि पारिवारिक परेशानियों में भी उन्होंने हमेशा धैर्य और हौसला बढ़ाया।समारोह में विवेक कुमार सिंह ने माला पहनाकर, रोहित साहू ने शॉल ओढ़ाकर और अमरनाथ ने पाम ट्री भेंटकर सम्मान किया। अनुराधा मिश्रा ने मोमेंटो, सुरुचि शुक्ला ने स्मृति चिह्न और आशीष कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट किया। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर पेन भेंट किए।विदाई समारोह में दिवाकर की पत्नी रीना, पुत्री सुकृति और पुत्रवधू शिवानी भी मौजूद रहीं। विद्यालय परिवार ने कहा कि पदोन्नति के बाद कार्यस्थल भले बदल गया हो, लेकिन उनका स्नेह और मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहेगा।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर