उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। मैदान पर खिलाड़ी पदक के लिए पसीना बहाएंगे और उनकी फिटनेस की कमान कानपुर के डॉ. अभिषेक के हाथों में होगी। मलेशिया के पेनांग में तीन से 10 अक्टूबर तक होने वाली एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए उन्हें भारतीय डेफ टीम का फिजियोथेरेपिस्ट नियुक्त किया गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों के साथ यह जिम्मेदारी मिलना डॉ. अभिषेक के लिए बड़ी उपलब्धि है।
डॉ. अभिषेक की भूमिका केवल खिलाड़ियों की चोट का उपचार करने तक सीमित नहीं होगी। प्रतियोगिता के दौरान वह खिलाड़ियों की फिटनेस, मांसपेशियों की स्थिति, चोट से बचाव और रिकवरी पर लगातार नजर रखेंगे। मुकाबलों से पहले खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से तैयार रखने और मैच के बाद शरीर को रिकवर कराने में भी उनकी अहम भूमिका होगी। किसी खिलाड़ी को खेल के दौरान चोट लगती है तो प्राथमिक फिजियोथेरेपी सहायता देने और उसे जल्द फिट करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी।
डेफ खिलाड़ियों के लिए लगातार मुकाबलों के बीच शरीर को फिट रखना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में भारतीय दल के साथ विशेषज्ञ फिजियो की मौजूदगी खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी और चोट प्रबंधन में मदद करेगी। डॉ. अभिषेक प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार फिजियोथेरेपी और रिकवरी प्लान पर काम करेंगे।
चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के भी कई खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा होंगे। ऐसे में डॉ. अभिषेक के लिए अपने प्रदेश के खिलाड़ियों की फिटनेस संभालना भी खास जिम्मेदारी होगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय डेफ टीम के साथ फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में चयन से कानपुर के खेल जगत में भी उत्साह है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर