फैज अली और शादाब के शतकों से एस्पिरिस की जीत

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) में रविवार को बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। एस्पिरिस यूसीएल ने फैज अली और शादाब वारसी के शतकों की बदौलत जेबीके 11 को 20 रन से हराया। वहीं, विनय चौबे के पांच विकेट की मदद से वी वॉरियर्स ने छह विकेट से जीत दर्ज की। फ्रेंड्स 11 और ए-टीम के बीच खेला गया मुकाबला टाई रहा।

टीएसएच पालिका ग्राउंड पर फ्रेंड्स 11 ने 29.5 ओवर में 181 रन बनाए। आयुष मंधानी ने 31 और अभिषेक ने 30 रन का योगदान दिया। ए-टीम के राहुल ठाकुर ने छह विकेट लेकर बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ए-टीम भी 181 रन पर सिमट गई। प्रिंस श्रीवास्तव ने 36 रन बनाए, जबकि फ्रेंड्स 11 के सुमित गुलाटी ने तीन विकेट लिए। दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
राकेश मसाला ग्राउंड पर पिच रेडर्स की टीम 113 रन पर ढेर हो गई। वी वॉरियर्स के विनय चौबे ने 13 रन देकर पांच विकेट चटकाए। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी वी वॉरियर्स ने 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर 114 रन बना लिए। अमर पांडे ने 64 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।कानपुर साउथ (ए) टर्फ ग्राउंड पर एस्पिरिस यूसीएल ने पांच विकेट पर 297 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। फैज अली ने 125 और शादाब वारसी ने 100 रन बनाकर शतकीय पारियां खेलीं। जवाब में जेबीके 11 की टीम निर्धारित 30 ओवर में सात विकेट पर 277 रन ही बना सकी। रोहित गुप्ता ने 78 और राहुल त्रिवेदी ने 59 रन बनाए। इस तरह एस्पिरिस ने 20 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply