रामायण के प्रसंगों से गूंजा अच्छाई की जीत का संदेश , विन्यास पब्लिक स्कूल में दशहरा उत्सव की धूम, पौराणिक नृत्य में वल्लभी हाउस प्रथम

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। रामायण के प्रसंगों का मंचन, पारंपरिक नृत्य की छटा और रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश। चौबेपुर स्थित विन्यास पब्लिक स्कूल में शनिवार को दशहरा उत्सव उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय परंपराओं और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों को जीवंत किया।कार्यक्रम की शुरुआत समूहगान से हुई। प्री-प्राइमरी के बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को मंच पर उतारा। पात्रों की वेशभूषा और भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों को कथा से जोड़े रखा। गरबा और डांडिया की प्रस्तुतियों ने भी समारोह में उत्साह भर दिया।उत्सव के तहत आयोजित पौराणिक नृत्य की अंतर-सदन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। वल्लभी हाउस ने पहला, विक्रमशिला हाउस ने दूसरा और नालंदा हाउस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तक्षशिला हाउस को सांत्वना पुरस्कार मिला। समारोह के अंत में रावण दहन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अच्छाई की राह पर चलने का संकल्प लिया।प्रधानाचार्या शयला वली ने कहा कि दशहरा हमें अहंकार और बुराइयों का त्याग कर सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। विद्यालय के चेयरमैन वरुण कटियार ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply