राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अंबेडकरनगर। छठ पूजा के पावन पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों में 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा द्वारा 15 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। यह आदेश उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत शिक्षा बोर्ड सहित जिले के समस्त मान्यता प्राप्त एवं गैर सरकारी विद्यालयों पर लागू होगा।
वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों में भी 16 नवंबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी अंबेडकरनगर से प्राप्त निर्देश के क्रम में छठ पूजा पर्व को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश में जिले में संचालित विभिन्न शिक्षा बोर्डों के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों को शामिल किया गया है। इनमें सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों के विद्यालय भी शामिल हैं। प्रशासन की ओर से यह निर्णय कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत लिया गया है। दोनों अधिकारियों ने संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को जारी आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं इस प्रकार छठ पूजा के अवसर पर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी संबंधित विद्यालय सोमवार, 16 नवंबर को बंद रहेंगे।