उत्तर प्रदेश ( दैनिक कर्मभूमि) जौनपुर
डोभी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र बीरीबारी में शनिवार को विश्व मानसिक दिवस पर गोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। गोष्ठी के थीम दयालुता पर सभी चिकित्सकों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की शुरुआत चिकित्सा अधीक्षक डा. एसके वर्मा के वक्तव्य से हुई। उन्होंने वर्तमान में मानसिक रोगों के क्या कारण हो सकते हैं, उस पर प्रकाश डाला। उन्होंने इसके लक्षणों के बारे में भी सबको सचेत किया। कार्यक्रम में सम्बोधित करते डा. प्रिंस मोदी ने एक-एक कर मानसिक रोगों के लक्षणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि तनाव, मानसिक रोग का सबसे प्रमुख कारण है। महिला चिकित्सक अनीता क्षेत्रपाल ने महिलाओं में बढ़ते अवसाद को चिंताजनक बताया। साथ ही कहा कि अगर किसी में मानसिक रोगों के लक्षण दिखायी पड़ते हैं तो उसका इलाज करवाना हम सबका कर्तव्य है। वरिष्ठ सहायक मनोज सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर बीते जनवरी 2020 से एनसीडी (नान कम्युनिकल डिजीज/गैर संचारी रोग) सेल होने की बात बतायी। साथ ही बताया कि स्वास्थ्य केन्द्र डोभी में उपलब्ध एनसीडी सेल के कर्मचारी प्रतिदिन मरीजों को गैरसंचारी रोगों के इलाज हेतु निर्बाध रूप से सेवा देते हैं। कार्यक्रम के समापन पर चिकित्सा अधीक्षक ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अस्पताल के स्टाफ कर्मचारियों सहित मरीजों के सहायक उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश सम्पादक अभिषेक शुक्ला
You must be logged in to post a comment.