आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बना प्रधानमंत्री ने साकार किया शाहू जी महाराज का सपना – आर के सिंह पटेल

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट: आरक्षण के जनक छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य पर रगौली महाविद्यालय में आयोजित समारोह में सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्रपति शाहू जी महाराज के सपने को साकार किया है। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शाहू जी महाराज ने अपने कोल्हापुर स्टेट में देश की प्रथम महिला महाविद्यालय की स्थापना कर ऐतिहासिक कार्य किया था। संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर को भी शाहू जी महाराज ने स्कॉलरशिप देकर पढ़ाई के लिए कोलंबिया भेजा था।

भगवानदीन महाविद्यालय रगौली में मंगलवार को छत्रपति शाहू जी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित समारोह में सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि समाज के शोषितों-वंचितों को विकास की मुख्यधारा से जोडने के लिए समान भागीदारी की शुरूआत कोल्हापुर नरेश छत्रपति शाहूजी महाराज ने की थी। शिक्षा का अधिकार देकर शाहूजी महाराज ने दबे कुचले वर्ग के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले दलित समुदाय के रामनाथ कोविंद को और अब आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मू को देश का प्रथम नागरिक बना कर छत्रपति शाहूजी के अधूरे सपनों को साकार किया हैं। उन्होंने कहा कि शाहू जी महाराज सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत थे। समता मूलक समाज की स्थापना के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज ने अपने राज्य कोल्हापुर में आरक्षण की शुरुआत की थी। शिक्षा और समानता के लिए शाहू जी द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को कभी भुलाया नही जा सकता।

मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव और भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे ने कहा कि छत्रपति शाहू जी महाराज सामाजिक परिवर्तन के महानायक थे। महिला शिक्षा को प्रोत्साहन एवम दलितों-पिछड़ों के उत्थान की दिशा में किए गए कार्यों को कभी भी भुलाया नही जा सकता हैं। बांदा के जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने कहा कि शाहू जी महाराज का संपूर्ण जीवन शोषित और वंचितों के उत्थान के प्रति समर्पित रहा है। शाहू जी द्वारा चलाई गई शिक्षा की लौ आज अमर ज्योति का रूप ले चुकी है। केंद्र और प्रदेश की सरकारें दलितों पिछड़ों को सत्ता में भागीदारी देकर शाहू जी के अधूरे सपनों को साकार कर रही हैं। कार्यक्रम के दौरान जिले के टॉपर बच्चो को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सांसद प्रतिनिधि शक्ति प्रताप सिंह तोमर ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहें।

 

*ब्यूरो रिपोर्ट* अश्विनी कुमार श्रीवास्तव

*जनपद* चित्रकूट