उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) चित्रकूट। बस्ती जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतीपुर गांव के लालापुरवा से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। जमीन विवाद को लेकर एक निर्दयी हमला हुआ, जिसमें गांव के निवासी अतुल श्रीवास्तव के पूरे परिवार को निशाना बनाया गया। इस जानलेवा हमले में उनकी मात्र 13 वर्षीय मासूम बेटी सृद्धी श्रीवास्तव की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
इस वीभत्स हत्याकांड के बाद गांव में मातम का माहौल है। हर गली और चौपाल पर सिर्फ एक ही चर्चा है – आखिर कोई इतनी निर्दयता कैसे कर सकता है? हर ओर से एक ही आवाज़ उठ रही है – “हत्यारों को मिले फांसी की सज़ा!”
इस घटना पर चित्रकूट जिले के भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने इस दर्दनाक घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा,
> “ऐसे नराधमों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है। मासूम बच्ची की हत्या सिर्फ एक जमीन विवाद के कारण कर देना मानवता के लिए शर्मनाक है।”
श्री खरे ने यह भी कहा कि कायस्थ समाज के लोग गांवों में संख्या में कम हैं – “एक या दो घर ही होते हैं, इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग उनकी जमीनों पर कब्जा करने की साजिशें रचते हैं। यह केवल एक हत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित सामाजिक अन्याय का प्रतीक है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्याय की मिसाल पेश की जाए।
गौरतलब है कि मृत बच्ची सृद्धी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। परिवार इस क्षति से सदमे में है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश है। पीड़ित परिवार के साथ न्याय की मांग को लेकर गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी शुरू हो चुके हैं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस जघन्य अपराध पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को कब तक इंसाफ मिल पाता है।
रिपोर्टर ठाकुर पंकजसिंह राणा चित्रकूट
You must be logged in to post a comment.