उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। खेलो इंडिया अभियान के तहत आयोजित होने वाली एएसएमआईटीए महिला खेलो इंडिया राज्य स्तरीय सेपक टकरॉ चैंपियनशिप में कानपुर की बालिका खिलाड़ी दमखम दिखाएंगी। प्रतियोगिता 27 से 29 नवंबर तक बरेली के साई सेंटर में होगी। इसमें सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
उत्तर प्रदेश सेपक टकरॉ एसोसिएशन की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक प्रतियोगिता में रेगू और क्वाड्रेंट इवेंट कराए जाएंगे। प्रदेश के सभी संबद्ध जिला संघों को अपनी टीम भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
खेलो इंडिया में जगह बनाने का मौका
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में होगी। ऐसे में बरेली में होने वाली चैंपियनशिप कानपुर की खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का बड़ा अवसर है।
बालिकाओं को मिलेगा पूरा सहयोग
कानपुर सेपक टकरॉ एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि यह प्रतियोगिता कानपुर की बालिकाओं के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच है। एसोसिएशन का प्रयास है कि अधिक से अधिक बालिकाएं इस खेल से जुड़ें और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानपुर का नाम रोशन करें।
उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। एसोसिएशन को उम्मीद है कि कानपुर की बेटियां प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करेंगी।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर