नाड़ी विज्ञान और अग्नि कर्मा पर केंद्रित आयुर्वेद प्रशिक्षण में जुटे देशभर के छात्र-वैद्य

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) हरिद्वार। इण्डियन आयुष एसोसिएशन द्वारा आयुरात्मा कार्यक्रम के अंतर्गत हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट में नाड़ी विज्ञान व अग्नि कर्मा विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में देशभर से आए 500 से अधिक छात्र-छात्राओं और वैद्यों ने भाग लेकर आयुर्वेद की पारंपरिक विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। नाड़ी विज्ञान के लिए वैद्य संजय झांझर और अग्नि कर्मा के लिए वैद्य उदय तलहार ने मुख्य भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक रूप से जानकारी दी, जिससे उन्हें विषय को समझने और सीखने का बेहतर अवसर मिला।कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष व एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक नरेश बंसल ने किया। इस अवसर पर कार्यशाला के संरक्षक डॉ. यामिनी भूषण त्रिपाठी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने शुभकामनाएं भेजीं। इसके अलावा बी. एल.मेहरा ने वीडियो संदेश के माध्यम से कार्यशाला की सराहना की,जबकि मनोज कुमार तोमर भी कार्यक्रम से जुड़े रहे।एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनम्र सिंह ने बताया कि “आयुरात्मा” कार्यक्रम एसोसिएशन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि छात्र-छात्राओं और वैद्यों को विशेषज्ञों से सीधे सीखने का अवसर मिलता रहे और आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का प्रसार हो सके।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर