नेक्स्ट परीक्षा स्थगन की मांग को लेकर आयुष मंत्री से मिले आईएए के राष्ट्रीय अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) नई दिल्ली। इण्डियन आयुष एसोसिएशन (आईएए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनम्र सिंह ने केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव से उनके आवास पर औपचारिक भेंट कर आयुष छात्र-छात्राओं की नेक्स्ट परीक्षा को स्थगित करने की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसमें अब तक किए गए धरना-प्रदर्शनों के अनुमति पत्र और विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए समर्थन पत्रों की प्रतियां भी संलग्न की गईं।

अध्यक्ष ने बताया कि आयुष के छात्र-छात्राएं लंबे समय से नेक्स्ट परीक्षा को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं और इस मुद्दे को लेकर कई बार शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन भी किए गए हैं। ज्ञापन के साथ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा आयुष मंत्रालय को भेजे गए पत्र, राज्यसभा सांसद संजय सिंह के ज्ञापन, आयुष मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय में सौंपे गए पत्रों की प्रतियां भी मंत्री को सौंपी गईं।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि जिस प्रकार एलोपैथ के छात्रों के 21वें से 27वें बैच तक नेक्स्ट परीक्षा को स्थगित किया गया है, उसी तरह आयुष के छात्र-छात्राओं के लिए भी समान बैच तक परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर छात्र पिछले कई महीनों से मंत्रालय के चक्कर लगा रहे हैं और इससे वे शारीरिक, मानसिक व आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इस विषय को जल्द ही संबंधित आयोग में चर्चा के लिए रखा जाएगा। इस मौके पर एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष स्वर्णिका ठाकुर, राष्ट्रीय सदस्य विरेंद्र गौड़ और मंडल अध्यक्ष अनीश यादव भी मौजूद रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी