नवरात्र पर सेवा का संकल्प,बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर नवरात्र के पावन अवसर पर शहर में सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। धर्म प्रसार जन कल्याण समिति द्वारा रामबाग पार्क स्थित निशुल्क स्कूल में अध्ययनरत जरूरतमंद बच्चों के बीच स्टेशनरी और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।कार्यक्रम में शांभवी मिश्रा ने बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल समेत अन्य शैक्षणिक सामग्री के साथ खाद्य पदार्थ वितरित किए। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और इस पहल के लिए आभार जताया। संस्था द्वारा लंबे समय से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।जिससे उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा मिल रही है।संस्था के संस्थापक पंडित गौरव शास्त्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे ऐसे बच्चों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंच सके। उन्होंने कहा कि नवरात्र में मां दुर्गा के स्वरूप के रूप में बच्चियों की सेवा करना ही सच्ची पूजा है।भारतीय रक्षक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला ने कहा कि नवरात्र सेवा और समर्पण का पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की मदद करना हम सभी की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर भारतीय रक्षक पार्टी के सैकड़ो सदस्य भी उपस्थित रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर