राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अंबेडकर नगर ÷ सांगठनिक संरचना, नीतियों और कार्य योजना के बल पर लगातार विभिन्न राज्यों के चुनावों में भाजपा की बन रही सरकारों से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसी उत्साह के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में जनपद की पांचों सीटों पर विजय सुनिश्चित करने के लिए अभी से कमर कसना शुरू कर दिया है।
सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय अटल भवन में जिला कोर कमेटी, जिला पदाधिकारियों एवं मंडल प्रवासियों की बैठक संपन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने कहा कि लगातार विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिल रही सफलता यह सिद्ध करती है कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के जनकल्याणकारी कार्यों की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा हुआ है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार की योजनाओं, मजबूत सांगठनिक ढांचे और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बल पर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी तथा जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक रूप से कमल खिलेगा।
बैठक की जानकारी देते हुए भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय ने बताया कि मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक की सांगठनिक संरचना, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जन समस्याओं के निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही प्रशासन और संगठन के बीच जन समस्याओं के समाधान हेतु संवाद की निरंतरता बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में मुख्य रूप से पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय, विधायक धर्मराज निषाद, निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, रामपति मौर्य, जिला उपाध्यक्ष डॉ. रजनीश सिंह, विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू, जिला महामंत्री अमरेंद्र कांत सिंह, बाबा राम शब्द यादव, सुरेश कन्नौजिया, जिला मंत्री संजय सिंह, विनय पाण्डेय, दीपक तिवारी, पंकज वर्मा, जिला सह मीडिया प्रभारी बजरंगी पाठक, धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।