राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अम्बेडकर नगर, 28 जून। समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा की प्रदेश कार्यकारिणी में जनपद अम्बेडकर नगर निवासी सुशील कुमार मौर्य को प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एस.पी. सिंह पटेल द्वारा जारी किया गया।
जारी मनोनयन पत्र के अनुसार, सुशील कुमार मौर्य से अपेक्षा की गई है कि वे समाजवादी पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रीय अध्यक्ष की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुँचाने के साथ संगठन को और अधिक मजबूत एवं गतिशील बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि उनके संगठनात्मक अनुभव, शिक्षा जगत से जुड़ाव और सक्रिय कार्यशैली का लाभ शिक्षक सभा को मिलेगा तथा संगठन को नई मजबूती मिलेगी।प्रदेश सचिव मनोनीत होने की सूचना मिलते ही आदर्श जनता इंटर कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय परिसर में उनका माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया तथा मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। उपस्थित शिक्षकों ने इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे जिले के शिक्षकों की आवाज़ प्रदेश स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से उठेगी।इस अवसर पर आदर्श जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार यादव, आदर्श इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रधानाचार्य तनवीरूल मक्की, शिक्षक जगदीश प्रसाद, रिफाकत हुसैन, मसूदुर्रहमान, निरंजन लाल, राज कुमार वर्मा, लिपिक रमेश चंद्र, पवन चौरसिया, विमलेश विश्वकर्मा, देवी प्रसाद, अनुराग सहित अन्य शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।इस अवसर पर सुशील कुमार मौर्य ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने, शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने तथा समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने अपने शुभचिंतकों, सहयोगियों एवं शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके स्नेह और विश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
You must be logged in to post a comment.