उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। जन्मदिन के मौके पर कानपुर क्वीर वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक एवं निदेशक अनुज पांडेय ने मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प लेकर समाज को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन केवल अपनी खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के लिए कुछ सार्थक करने का संकल्प लेने का दिन भी है।
अनुज पांडेय ने कहा कि उनके निधन के बाद उनकी आंखें किसी जरूरतमंद की जिंदगी में रोशनी ला सकें तो इससे बड़ा सामाजिक योगदान उनके लिए नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद भी किसी की दुनिया रोशन करने का अवसर उनके लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।
कानपुर क्वीर वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि एलजीबीटीक्यूआईए+ समुदाय समानता और सामाजिक अधिकारों के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझता है। नेत्रदान के संकल्प के माध्यम से लोगों को मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है।
एसोसिएशन ने लोगों से अपील की कि नेत्रदान और अंगदान से संबंधित जानकारी केवल अधिकृत एवं प्रमाणित संस्थानों से प्राप्त करें। निर्धारित चिकित्सकीय और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही नेत्रदान का संकल्प दर्ज कराएं। संस्था ने कहा कि मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में उम्मीद और रोशनी का माध्यम बनना मानवता की सच्ची मिसाल है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.