कौशल विकास के साथ भारतीय मूल्यों को शिक्षा से जोड़ने पर जोर

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर, 8 अगस्त। विकास नगर स्थित जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित प्राथमिक एवं मिडिल स्तर की तीन दिवसीय राष्ट्रीय शैक्षिक कार्यशाला के दूसरे दिन शनिवार को शिक्षा में कौशल विकास और भारतीय जीवन-मूल्यों के समन्वय पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यशाला में देश के 11 सांगठनिक क्षेत्रों से आए 108 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय संयोजक (कौशल विकास) रोहित द्विवेदी ने कहा कि बच्चों को प्राथमिक स्तर से ही कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहे, बल्कि गतिविधि आधारित शिक्षण और प्रयोगों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक क्षमता, समस्या समाधान, संवाद, टीमवर्क और निर्णय लेने की क्षमता विकसित की जाए। आधारभूत विषयों के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और विषयों के एकीकरण पर भी उन्होंने जोर दिया।
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में भारतीयता आधारित शिक्षा, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, योग, भारतीय ज्ञान परंपरा और जीवन-मूल्यों को प्रत्येक विषय से जोड़कर पढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को किताबी जानकारी देने के साथ उनमें संवेदनशीलता, अनुशासन, सहयोग, सेवा और जिम्मेदारी जैसे गुण विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
‘घर ही विद्यालय’ की अवधारणा को अभिभावकों तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के सीखने की प्रक्रिया में परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यालय और परिवार के समन्वय से बच्चों में व्यवहारिक ज्ञान और अच्छे संस्कार विकसित किए जा सकते हैं।
अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री श्रीराम आरावकर ने कहा कि भारतीय जीवन-दृष्टि और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित सशक्त ज्ञान-समाज का निर्माण विद्या भारती का उद्देश्य है। राष्ट्रीय महामंत्री देशराज ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था को आधुनिक, मूल्यपरक और बाल-केंद्रित बनाया जा रहा है।
कार्यशाला में क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद्र, रजनीश पाठक, अयोध्या प्रसाद मिश्रा, खगेश्वर, सुरेंद्र जैन, प्रो. राजीव गुप्ता, सुनील मिश्र, अनिल त्रिपाठी, डॉ. नमिता गुप्ता, शिवकरन, आलोक द्विवेदी और विजय शंकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply