छठ की छुट्टी के लिए उठी आवाज, प्रशासन से घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि)  कानपुर। छठ पर्व को लेकर अखिल भारतीय भोजपुरी महासभा ने तैयारियां तेज करने के साथ प्रशासन से सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। बुधवार को महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
महासभा ने कहा कि कानपुर में पूर्वांचल समाज के हजारों परिवार छठ पूजा में शामिल होते हैं। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालुओं को पूजा की तैयारियों से लेकर घाटों तक पहुंचने में काफी समय देना पड़ता है। इसलिए पर्व के दिन अवकाश मिलने से लोगों को सुविधा होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर के छठ घाटों पर सफाई, रोशनी, पेयजल, सुरक्षा और आवागमन की पर्याप्त व्यवस्था कराने की भी मांग की। संतोष सिंह गहमरी ने कहा कि छठ पूर्वांचल की आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रमुख पर्व है। प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करनी चाहिए।
इस अवसर पर महासभा की ओर से जिलाधिकारी को ‘भोजपुरी रत्न’ सम्मान दिया गया। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव को भी भोजपुरी संस्कृति के प्रति योगदान के लिए ‘भोजपुरी रत्न’ से सम्मानित किया गया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply