बार एसोसिएशन अम्बेडकरनगर के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अम्बेडकरनगर। बार एसोसिएशन अम्बेडकरनगर वर्ष 2026-27 के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को जिला न्यायालय परिसर, अम्बेडकरनगर में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सरस्वती वंदना, माल्यार्पण एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि जिला जज अम्बेडकरनगर चन्द्रोदया कुमार सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्तागण तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।समारोह के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष, बार एसोसिएशन अम्बेडकरनगर द्वारा नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम कीरत चौहान, उपाध्यक्ष तारा कान्त उपाध्याय, कनिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी, सचिव अनिल कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष सुमन कुमारी गौड़ तथा सह सचिव पूजा वर्मा, मो. मुजक्किर खान एवं मोनिका भारती ने शपथ ग्रहण की। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकारिणी के निर्वाचित सदस्यों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि बार एसोसिएशन की गरिमा बनाए रखने, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने, न्यायिक व्यवस्था के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अधिवक्ताओं की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने निर्वाचन में सहयोग एवं विश्वास व्यक्त करने के लिए सभी अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता तारा कान्त उपाध्याय, राममूर्ति वर्मा विधायक टांडा एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री, हीरालाल यादव पूर्व एमएलसी, अजय कुमार यादव सदस्य बार काउंसिल, मधुलिका यादव पूर्व सदस्य बार काउंसिल, राजेश भारद्वाज प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने राष्ट्रहित एवं अधिवक्ता हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।