विज्ञान प्रदर्शनी के प्रतिभागियों का स्वतंत्रता दिवस पर हुआ भव्य सम्मान
राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि अंबेडकर नगर
अंबेडकर नगर। माननीय मुख्यमंत्री के जनपद आगमन के अवसर पर माध्यमिक शिक्षा विभाग, अंबेडकर नगर द्वारा आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं एस्कॉर्ट शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। कार्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह एवं लेखाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा, अंबेडकर नगर सरिता लूधुरिय ने विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले आशुतोष, पीयूष सिंह, अक्षया श्रीवास्तव, श्रेयांश, प्रशस्ति एवं अंश विश्वकर्मा को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन करने वाले एस्कॉर्ट शिक्षक निरंजन लाल एवं छाया देवी को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान निश्चित रूप से अन्य छात्र-छात्राओं को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर प्रतिभागियों का यह सम्मान प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के प्रति प्रोत्साहन का संदेश भी बना। समारोह में उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
You must be logged in to post a comment.