उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय सजारी, खंड सदर बाजार में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर में तिरंगे की शान और बच्चों के उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया। विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और देश की एकता, अखंडता व भाईचारे का संदेश दिया।
प्रधानाध्यापिका निहारिका सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीरों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके बलिदान से देश को आजादी मिली। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व के साथ अपने कर्तव्यों को समझने की सीख दी। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी का भाव भी अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने बच्चों को राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व से परिचित कराया। बच्चों के उत्साह से विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक रंजना श्रीवास्तव, ममता सिंह समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश दिया। समारोह का समापन देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर