देशभक्ति के सुरों से गूंजा विन्यास स्कूल, वल्लभी सदन बना विजेता

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। आजादी के जश्न में शनिवार को चौबेपुर स्थित विन्यास पब्लिक स्कूल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगे की शान में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा तो देशभक्ति के गीतों ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। अंतर सदन समूहगान प्रतियोगिता में वल्लभी सदन ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ प्रधानाचार्या शयला वली ने ध्वजारोहण कर किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ में खासा उत्साह दिखा। इसके बाद विद्यार्थियों ने देश की विविधता और सांस्कृतिक विरासत को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। देशभक्ति कविता की भावपूर्ण प्रस्तुति ने भी सभी का मन मोह लिया।

समारोह में हुई अंतर सदन समूहगान प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने सुर और ताल के साथ देशप्रेम की भावना को आवाज दी। वल्लभी सदन ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। तक्षशिला सदन दूसरे और विक्रमशिला सदन तीसरे स्थान पर रहा।

प्रधानाचार्या शयला वली ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल अधिकार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को समझना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, करुणा और सेवा की भावना को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

चेयरमैन वरुण कटियार ने कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। जागरूक, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ युवा ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। समारोह का समापन राष्ट्र की एकता और जिम्मेदार नागरिक बनने के संकल्प के साथ हुआ।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply