रामबाग में बच्चों ने बिखेरा देशभक्ति का रंग, भारतीय रक्षक पार्टी ने बढ़ाया हौसला

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। रामबाग पार्क में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का जश्न उस समय खास बन गया, जब निःशुल्क स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति के गीत और कविताओं से माहौल में जोश भर दिया। पी. रोड स्थित पार्क में धर्म प्रसार जन कल्याण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य प्रस्तुतियों से भी खूब तालियां बटोरीं। ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

समारोह में भारतीय रक्षक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना समेत पदाधिकारियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। सक्सेना ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। पार्टी पदाधिकारियों ने बच्चों को मिठाइयां बांटीं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

संस्था के संस्थापक पंडित गौरव शास्त्री ने कहा कि कोई भी जरूरतमंद बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए समाज के सभी लोगों को आगे आना चाहिए। वरिष्ठ समाजसेवी बाबूलाल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। शिक्षिका नैंसी वर्मा ने मंच संचालन कर कार्यक्रम में जोश बनाए रखा।

इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपा मिश्रा, राष्ट्रीय उप कोषाध्यक्ष श्वेता शुक्ला, कानपुर जिला अध्यक्ष अनुज पांडे और महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष त्रिवेदी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों की मुस्कान और देशभक्ति के नारों के साथ हुआ।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply