आदर्श जनता इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस

आदर्श जनता इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस

राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि अंबेडकर नगर

टांडा। आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक लाल जी पटेल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षकों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह में भवदीय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर डॉ. अवधेश कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक, भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह में विद्यालय के छात्र लक्ष्य पटेल को जनपद स्तर पर आयोजित भारोत्तोलन प्रतियोगिता के 88 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल करने पर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने छात्र को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के खेल शिक्षक ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है तथा वे स्वस्थ एवं सक्रिय रहते हैं। उन्होंने विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के बाद उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के प्रति सम्मान और निष्ठा व्यक्त की। इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा। समारोह में विद्यालय प्रबंध कमेटी के सदस्य विवेक चंद्रा, पूर्व प्रधानाचार्य देवी प्रसाद विश्वकर्मा, निवर्तमान प्रधानाचार्य राम तीर्थ विश्वकर्मा तथा वर्तमान प्रधानाचार्य दिनेश यादव , अनिरूद्ध वर्मा, नवीन मल्होत्रा,सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न समाचार चैनलों, प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार बंधु भी उपस्थित रहे और समारोह को अपने कैमरों में कैद किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों, पत्रकार बंधुओं एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्ट विमलेश विश्वकर्मा संवाददाता टांडा अम्बेडकर नगर

Leave a Reply