शम्सी प्रीमियर लीग: थंडर स्टार्स, रेंजर्स, स्पोर्टिंग, ब्लीड ब्लू और फाल्कन्स जीते

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-14 में रविवार को खेले गए पांच मुकाबलों में थंडर स्टार्स, रेंजर्स, शम्सी स्पोर्टिंग, ब्लीड ब्लू और फाल्कन्स ने जीत दर्ज की। शम्सी स्पोर्टिंग ने किंग वॉरियर्स को 105 रन से हराया, जबकि जिब्रान हसन ने नाबाद शतक और अली शमशाद ने नाबाद अर्धशतक लगाकर अपनी टीमों की जीत में अहम भूमिका निभाई।पहले मुकाबले में थंडर स्टार्स ने पैंथर्स को सात विकेट से हराया। पैंथर्स की टीम 125 रन पर सिमट गई। जवाब में थंडर स्टार्स ने 16.1 ओवर में तीन विकेट पर 127 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जियाउद्दीन अशरफ ने 39 रन बनाने के साथ दो विकेट भी लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।दूसरे मुकाबले में रेंजर्स ने नाइट राइडर्स को सात विकेट से शिकस्त दी। नाइट राइडर्स की टीम 85 रन पर ऑलआउट हो गई। रेंजर्स ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 86 रन बनाकर जीत हासिल की। अली शकील ने नाबाद 31 रन बनाने के साथ तीन विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।तीसरे मैच में शम्सी स्पोर्टिंग ने किंग वॉरियर्स के खिलाफ सात विकेट पर 237 रन बनाए। मोहम्मद माज ने 59 गेंदों पर 96 और ए. रहमान ने 48 गेंदों पर 62 रन की पारी खेली। जवाब में किंग वॉरियर्स की टीम नौ विकेट पर 132 रन ही बना सकी। नासिर इकबाल ने चार विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। अब्दुर रहमान मैन ऑफ द मैच चुने गए।चौथे मुकाबले में ब्लीड ब्लू ने पावर हिटर्स को आठ विकेट से हराया। पावर हिटर्स ने नौ विकेट पर 170 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ब्लीड ब्लू ने 16.4 ओवर में दो विकेट पर 174 रन बना लिए। अली शमशाद ने नाबाद 61 रन बनाए, जबकि शुजा उस्मानी ने 39 और हैदर बेग ने 36 रन का योगदान दिया। अली शमशाद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।पांचवें मुकाबले में फाल्कन्स ने पैराडाइज को 26 रन से हराया। फाल्कन्स ने चार विकेट पर 204 रन बनाए। जिब्रान हसन ने नौ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 78 गेंदों पर नाबाद 118 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में पैराडाइज की टीम छह विकेट पर 178 रन ही बना सकी। शतकीय पारी के लिए जिब्रान हसन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply