प्रिंस के अर्धशतक और अमित के ऑलराउंड खेल से चमकीं ए-टीम और ऑरेंज आर्मी 

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। यूनाइटेड चैम्पियंस लीग (सीजन-2) के लीग मुकाबलों में रविवार को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। दो मुकाबलों में ए-टीम यूसीएल और ऑरेंज आर्मी यूसीएल ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मैच में प्रिंस श्रीवास्तव के अर्धशतक की मदद से ए-टीम ने स्कोरिंग विल्लोज को 17 रन से हराया। वहीं, दूसरे मुकाबले में अमित करमचंदानी के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर ऑरेंज आर्मी ने वोक्सेल वैलिएंट्स को दो विकेट से शिकस्त दी।राकेश मसाला ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करते हुए ए-टीम ने 29.5 ओवर में 182 रन बनाए। प्रिंस श्रीवास्तव ने 68 गेंदों पर 59 रनों की शानदार पारी खेली। संकल्प रस्तोगी ने 27 और कप्तान आशु आकाश ने 25 रन बनाए। स्कोरिंग विल्लोज की ओर से माधव सिंह सोलंकी ने तीन विकेट झटके। जवाब में स्कोरिंग विल्लोज की टीम 28.2 ओवर में 165 रन पर सिमट गई। अंकुर ने 48 और अजय ठाकुर ने 47 रन बनाए। ए-टीम के निखिल विश्वकर्मा ने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।वहीं, टीएसएच पालिका ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में वोक्सेल वैलिएंट्स की टीम 26.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई। उमाशंकर वर्मा ने 40 रन बनाए। ऑरेंज आर्मी के अमित करमचंदानी ने चार और देवेंद्र सिंह ने तीन विकेट लिए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑरेंज आर्मी ने 93 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में अमित करमचंदानी ने 35 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को संभाला। सत्यम ने 13 गेंदों पर 27 रन बनाकर जीत आसान कर दी। ऑरेंज आर्मी ने 25.1 ओवर में आठ विकेट पर 122 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply